Monday, 28 May 2018

एक अप्रत्याशित सफर / An Unexpected Journey





एक अप्रत्याशित सफर
कंचनजंघा की सफेद चोटियों को सूरज की किरणों के स्पर्श से सुनहरी आभा बिखेरते देखने की हसरत जब परवान चढ़ी हुई थी, तब अचानक रावंगला और तिनचुले जाने की योजना के रद्द हो जाने की बात ने मानो मायूसी के सागर में मुझे डुबो दिया। हाल ही में केन्द्रीय हिंदी निदेशालय में एक काम के सिलसिले में शंकरी दी से मुलाकात हुई थी। आध्यात्मिकता के रंग में रंगकर कभी घने जंगल तो कभी पहाड़ी खामोशी के बीच वक्त बिताने अकेले ही निकल पड़ना उन्हें अच्छा लगता था। उनके विविध अनुभवों को जानना भी मन को एक अलग-सी खुशी में सराबोर कर देता था। न जाने क्यों मुझे लगा कि मैं इस घड़ी में पल भर शंकरी दी से बात करूँ। हम दोनों की मानसरोवर जाने की इच्छा हम पहली मुलाकात में ही एक-दूसरे से व्यक्त कर चुके थे। इसी इच्छा की बात जब फिर से उठी तब शंकरी दी ने बताया कि वह दस दिन बाद सिंगरौली के लिए रवाना हो रही हैं। सिंगरौली में हरियाली के बीच उनके दीक्षा गुरु का आश्रम है। बरसों-पहले वहां जंगल ही था। जब शंकरी दी ने इन मौनी बाबा के डेरे को खोज निकाला था। जरिया था स्वप्न दर्शन। यह बात मुझे रोमांचक लगी थी। सिंगरौली का नाम सुनते ही निर्मल वर्मा का यात्रा वृत्तांत सिंगरौली जहाँ से वापसी संभव नहींस्मृति पटल पर उभर आया था। यात्रा वृत्तांत में लिखी वहाँ के आम के पेड़ों के मूक विद्रोह की बात भी शंकरी दी के इस स्वप्न दर्शन जैसा ही रोमांचक थी। मन में सिंगरौली जाने की इच्छा तुरंत पैदा हो गई। तुरंत आई.आर.सी.टी.सी. का वेब साइट खोला और यह देखकर हैरान रह गई कि शंकरी दी की योजना के अनुसार मुझे सिंगरौली जाने के लिए जिस दिन गाड़ी पकड़नी होगी और जिस दिन वहाँ से लौटने के लिए रवाना होना होगा, दोनों दिन टिकट उपलब्ध थे। लेकिन उसके आगे या फिर उसके बाद कई दिनों तक कोई टिकट उपलब्ध नहीं था। और टिकट भी दोनों दिनों के लिए सिर्फ दो-दो ही थे। मानो मेरे और मेरी बेटी राशी के लिए किसी ने बचाकर रखी हों। अब शंकरी दी की बनी बनाई योजना में हमारा नाम भी शामिल हो गया। रावंगला और तिनचुले न जा पाने का दर्द जैसे कहीं पिघलकर बह गया।
रावंगला और तिनचुले का सफर रद्द होने के पीछे भी एक मजेदार कारण था। वह कारण तब मजेदार नहीं था जब वह घटना घटी थी। शांतनु को मैंने मजाक में मोबाइल में एक संदेश भेजा था। जिसे उन्होंने गलत समझा और तुरंत रावंगला का सफर रद्द करने का निर्णय ले लिया। होटल की बुकिंग रद्द करने से पहले ही मुझसे कह दिया कि यह बात पक्की है कि अब वहाँ जाना न होगा। हमारे साथ उनके दोस्त प्रणव का परिवार भी वहां  जा रहा था। मुझसे कहा गया कि उनसे भी सफर की योजना रद्द होने की बात हो चुकी है। ऐसे हालात में शंकरी दी ने जब साथ चलने की बात कही तो तुरंत दिल ने स्वीकार कर लिया और आधे घंटे में ऑनलाइन टिकट भी ले लिया गया। टिकट काटवाने में शांतनु ने ही मदद की। मुझे एक बार भी यह नहीं कहा कि रावंगला और तिनचुले की बुकिंग रद्द नहीं हुई थी। मुझे पता तब चला जब प्रणव की पत्नी मैरी ने मेरे जाने की बात सुनकर यह कहा कि शांतनु से ऐसी बात तो नहीं हुई थी। मैरी ने सिंगरौली जाने की योजना रद्द करने की अपील की। लेकिन तब तक सिंगरौली के मौनी बाबा से मिलने की इच्छा मुझे सराबोर कर चुकी थी। बेटी भी सिंगरौली ही जाना चाहती थी। मैं कभी इस तरह अकेले अधिक दिनों के लिए घूमने नहीं गई थी। और हैरत की बात तो यह थी कि इस तरह अकेले जाने की बात से मन में कोई घबराहट भी नहीं थी। शांतनु और मेरे माता-पिता ये सोचकर चिंतित थे कि मैं इस तरह बेटी को साथ लेकर ऐसे किसी दीदी के साथ, जिनसे मैं बस एक महीने पहले ही मिली हूँ, कैसे जा सकती हूँ?
शांतनु ने कहा था कि वह रावंगला और तिनचुले न जाकर अकेले ही जमुनादिघि जाएंगे। मेरे मन में उस वक्त सिर्फ कंचनजंघा न देख पाने का दर्द जमा था। किसी के लिए कोई क्रोध या आक्रोश नहीं था। और न ही मैं किसी को कुछ दिखाने या साबित करने की मानसिक प्रक्रिया से गुजर रही थी। मैं तो बस अपना दुख हल्का करना चाहती थी। ऐसे में शंकरी दी से बात करने की घटना ने जैसे जिन्दगी को एक नए घाट पर उतार दिया।
मौनी बाबा शंकरी दी के दीक्षा गुरु थे। सन्यास लेने से पहले वे वन दफ्तर के अफसर थे। लेकिन मन सन्यास की ओर ही खींचता था। बरसों पहले ही अपना भोजन स्वयं पकाने की आदत डाल चुके थे। और फिर एक दिन अचानक संन्यास ने उन्हें अपनी ओर खींच लिया। बरसों उनके साथियों ने उन्हें बहुत ढूँढ़ा। लेकिन वे कहीं नहीं मिले। फिर एक दिन अचानक झुरई नाला जगह पर, जहाँ कभी जंगल हुआ करता था, आकर रहने लगे। यहीं उनको सिद्धि मिली। शिवभक्त बाबा कुछ नहीं खाते। और न ही पूजा पाठ करते हैं। और न ही कुछ बोलते हैं. सवाल पूछो तो जवाब लिखकर देते हैं। स्वप्न दर्शन से शंकरी दी जब वहाँ पहुँची और उनसे दीक्षा देने का आग्रह किया तब उन्होंने लिखकर बताया कि अभी समय नहीं हुआ है। इस तरह तीन बार लौटाने के बाद आखिरकार गुरुपूर्णिमा के दिन अचानक ही उन्हें बीज मंत्र दिया। शंकरी दी ने बताया कि दीक्षा पाने के आखिरी कल तक पता नहीं होता कि दीक्षा मिलेगी या नहीं। और यहाँ कोलकाता में तो मैंने गुरुओं द्वारा आलीशान ढंग से अनुष्ठानों के जरिए दीक्षा देने की बात सुनी थी। जिसमें मेरी कोई रुचि नहीं थी। आध्यात्मिक मानसिकता के लोगों से मैंने सुना था कि दीक्षा गुरु और दीक्षा का दिन और क्षण हम तय नहीं कर सकते। यह प्रकृति तय करती है। वैज्ञानिक भाषा में कहें तो यह विद्युत चुंबकीय शक्तियों का खेल है। प्रकृति में मौजूद यह शक्तियाँ हमारे शरीर से भाव और विचारों के अनुरूप निकलने वाली शक्तियों से हर पल टकराती हैं और नई हकीकत रचती हैं। आज विद्यालय और महाविद्यालयों में पढ़ाया जाने वाला विज्ञान वस्तुवादी विज्ञान है। यह विज्ञान आत्मतत्व में छिपे वैज्ञानिक सत्य को तवज्जो नहीं देता। ऊर्जा की परिभाषा भी यहाँ वस्तु पर प्रयोग करके निरीक्षण से प्राप्त निष्कर्षों के आधार पर गढ़ी गई है। विचारों में भी विद्युतचुम्बकीय किरणें हैं और ऊर्जा के अनगिनत रूप जो अभी आविष्कृत ही नहीं हुए हैं इनके बारे में बात करना तो वस्तुवादी वैज्ञानिकों लिए ख्वाबी पुलाव पकाने के बराबर है। लेकिन किर्लियन फोटो, जी.डी.वी कैमरा ऐसे हकीकत को आज सामने ला चुके हैं। वस्तुवादी वैज्ञानिक है कि अपना सिंहासन छिन जाने के डर से इस हकीकत को मानने से साफ इन्कार करते हैं। क्वांटम विज्ञान भी इस बात को सामने ला चुका है कि शरीर से निकलने वाली विद्युत चुम्बकीय किरणें क्वांटम कणों और लहरों के रूप में होती हैं। इनकी गति सूर्य के प्रकाश से ज्यादा है। तभी हमारी आँखों के पकड़ में नहीं आतीं। इस विज्ञान की चर्चा प्राचीन भारत में हुआ करती थी। सूर्य विज्ञान इसकी खास शाखा थी। प्राचीन समाज में जो सूर्य को पूजने की प्रथा मिलती है उसकी गहराई में वैविध्यपूर्ण कारण है। जो कारण हमें साफ दिखाई देते हैं हम बस उन्हें ही मानते हैं बाकि कारण तो वक्त के साथ वह गए हैं। सूर्य के साथ शिव का गहरा रिश्ता है। योगी जो पूजा-पाठ में कम और ध्यान में ज्यादा लीन रहते हैं, वे सृष्टि के वैज्ञानिक सत्य से वाकिफ हैं। लोगों के सामने आना उन्हें स्वीकार नहीं। यहाँ तक कि शंकरी दी के अनुभव को अगर सांझा करू तो यह भी एक अद्भुत सत्य है कि मौनी बाबा के आश्रम में उनसे पहले से इजाजत लिए बगैर आप अगर रहना चाहें तो नहीं रह पाएँगे। वे तो कुछ कहते नहीं हैं लेकिन जैसे शाम होने लगेगी आपको स्वयं ही भीतर से महसूस होने लगेगा कि अब चलना होगा। यही शायद मौन की भाषा है। मौनी बाबा के इस आश्रम में अब उनके पुराने साथी जिन्होंने उन्हें बरसों ढूँढ़ा था आने लगे थे। शंकरी दी से पता चला कि बाबा साल में सिर्फ चार ही दिन दीक्षा देते हैं। वह भी अगर उन्हें महसूस हो तो, अन्यथा नहीं। किस्मत से हम जिस दिन जा रहे थे उस दिन उन्हें सिद्धि हासिल हुई थी। वह दीक्षा देने का दिन था। और उनका यह स्पष्ट मत था कि उनका बीज मंत्र समाज कल्याण का मंत्र है। इसे मन ही मन बोलने के लिए किसी नियम का पालन करने की जरूरत नहीं। यहाँ तक कि नहा धोकर बैठने की बाध्यता भी नहीं है। इसे मन में कहीं भी और कभी भी कहा जा सकता है। मेरे ध्यान कक्ष में मैं एक कांच का पात्र रखती हूँ। जिसमें अलग-अलग धर्मों के पूजा-स्थलों से लाए गए फूल रखे हुए हैं। प्रार्थना के बाद लाए गए इन फूलों में मेरी विश्व मंगल की इच्छाएँ विराजती हैं, इसी एहसास के साथ मैं रोज ध्यान कक्ष में ध्यान करती हूँ। मौनी बाबा की समाज कल्याण वाली बात मेरे विश्व मंगल के भाव से कहीं मिल जा रही थी। इसलिए उनसे दीक्षा पाने की इच्छा मन में पंख फड़फड़ाने लगी। लेकिन मेरी दीक्षा से संबंधित प्रकृति की इच्छा को जानना इस वक्त संभव नहीं था। इसलिए मेरे पास प्रार्थना के अलावा कोई रास्ता न था।
सिंगरौली के लिए हावड़ा से यात्रा शुरू हुई। पहली बार अकेले बेटी को लेकर सफर कर रही थी। किस्मत से शक्तिपुंज एक्सप्रेसमें हमारी बुकिंग एक ऐसे कमरे में थी जो दो सीटों का केबिन था। सामान पर नजर रखने की जिम्मेदारी घट गई और एटेंडेंट की वजह से जरूरत के सामान के लिए चिंतित भी नहीं होना पड़ा। इस सफर में पहली बार बेटी के साथ दोस्ताना रिश्ते को गहराई से महसूस किया। कॉलेज, घर और दूसरे कामकाजों के बीच मानो यह दोस्ताना रिश्ता कहीं छूट-सा गया था।
हमारे सुबह सात बजे तक सिंगरौली पहुँचने की बात थी। जब नींद खुली तब पाँच बज चुके थे। गाड़ी चोपन स्टेशन पार कर रही थी। सूरज की किरणों ने अभी तक यहाँ की धरती को स्पर्श नहीं किया था। जैसे-जैसे उजाला हुआ वैसे-वैसे इस जगह का अनोखा प्राकृतिक सौंदर्य निखर कर सामने आने लगा। दूर दिखाई देने वाली विन्ध्याचल पर्वत की शृंखला, ऊंची नीची जमीन, बीच की समतल जमीन पर धान की खेती, बीच-बीच में खड़े पलाश के फूलों से लदे वृक्ष, महुआ, सहगन, सिमूल के वृक्ष दिख रहे थे। उनके बीच से निकला कच्ची मिट्टी का रास्ता, ताश के घर से दिखने वाले बीच-बीच में किसी टीले पर बने छोटे-छोटे मिट्टी के घर मन को खींच रहे थे। मुझे लगा कि जैसे मैं कोई खूबसूरत ख्वाब देख रही हूँ। यहाँ की सरजमीन का अनोखा सौंदर्य अभी से मन में रिसने लगा था। उसी वक्त कोयले की खदानों और बांधों के निर्माण की वजह से यहाँ के प्राकृतिक सौंदर्य पर होने वाले हमले की मन में आते ही मन बैठ-सा गया।
गाड़ी सिंगरौली पहुँचने वाली थी। गाड़ी से उतरते ही सिंह जी हमारे इंतजार में खड़े मिले। मौनी बाबा द्वारा दीक्षा प्राप्त और इस हैसियत से शंकरी दी के गुरु के रिश्ते से भाई, सिंह जी के स्नेहिल व्यक्तित्व ने बेहद प्रभावित किया। उन्ही की मेज़बानी में मैं और राशी गेस्ट हाउस की ओर रवाना हुए। शंकरी दी हवाई जहाज से बनारस पहुँचकर सड़क मार्ग से सिंगरौली पहुँचने वाली थी। उनको पहुँचते-पहुँचते शाम हो जाएगी। इसीलिए मुझे स्टेशन से गेस्ट हाउस तक लाने का दायित्व सिंह जी ने ले लिया था। गाड़ी जब गेस्ट हाउस के प्रांगण में पहुँची तब प्रांगण का सजीला वातावरण और उड़ते सफेद पक्षियों को देखकर मन मुग्ध हो गया।
शाम के करीब चार बजे शंकरी दी, उनके पति, कलकत्ते से आई उनकी सहेली और उनके बेटे गेस्ट हाउस पहुँचे। उनके पहुँचने के बाद बातों बातों में दो तीन घंटे कैसे बीत गए पता ही नहीं चला। लग ही नहीं रहा था कि मैं शंकरी दी से एक महीने पहले मिली थी और उनकी सहेली से तो पहली बार मिल रही थी। शंकरी दी सिंगरौली में सत्रह-अठारह साल रह चुकी थीं। उनके पति ने तो यहाँ बीस साल से भी अधिक समय बिताया था। यहाँ आकर वे अपने पुराने मित्रों से मिल रहे थे। उन्हीं मित्रों के सौजन्य से इस गेस्ट हाउस में रहने की व्यवस्था हो पाई थी। शाम को हम सब इस इलाके के बाजार में गए। जो गोल बाजार के नाम से जाना जाता है। इस गोलाकार बाजार में हर जरूरत का सामान उपलब्ध है। सब्जी से लेकर कपड़ों तक। यहाँ पहुँचते ही शंकरी दी और उनके पति पुराने परिचित दुकानदारों से मिलने लगे। उनका अपनापन, देखकर मन मुग्ध हो गया। यह बात गौरतलब है कि पंद्रह साल पहले इस जगह को छोड़ जाने के बावजूद भी इतना गहरा रिश्ता अब भी कायम था। शंकरी दी ने बताया कि जब वे यहाँ रहा करते थे तब यहाँ जंगल ही जंगल था। इतनी दुकानें भी इस, गोल बाजार में नहीं थीं। जंगल की निर्जनता टी.वी. जैसे माध्यम के अधिक प्रचलन के अभाव और लोभनीय बाजारी वातावरण के अभाव के चलते लोगों के साथ लोगों का रिश्ता बेहद गहरा था। बाजारवादी वातावरण ने तब तक अपने पंजे यहाँ कसकर नहीं जमाए थे। तभी रिश्तों में अपनेपन का रंग इतना गहरा धुला हुआ था। गोल बाजार में घूमते हुए काफी वक्त बीत गया था। रात को गेस्ट हाउस लौटकर अगले दिन बाबा के आश्रम में जाने की तैयारियाँ करनी थीं। हम गेस्ट हाउस की ओर रवाना हुए।
अगले दिन सुबह छह बजे हम बाबा के आश्रम झुरईनाला के लिए रवाना हुए। दूर दिखने वाली विंध्याचल पर्वत की शृंखला, पलाश, सहगन, सिमूल के वृक्षों के जंगल, रास्ते में ही पलाश के वृक्ष से रास्ते पर झरे फूल, दूर तक फैले धान के खेत ने इस सफर में अनोखा रंग घोल दिया। शंकरी दी अपने पुराने दिनों की बातें कहती हुई चल रही थीं। बाबा के आश्रम जाने का यह रास्ता पहले इतना चौड़ा नहीं था। शहरी वातावरण की हल्की-सी छाप भी तब नहीं थी। चारों ओर सिर्फ जंगल और बीच से निकला कच्ची मिट्टी का रास्ता था। ऐसा ही नजारा था सिंगरौली का। जब से यहाँ कोयले के खदान मिले तब से गांव के गांव उजड़ने लगे। खदानों की रखवाली के लिए यहाँ के लोगों को ही काम पर लगाने की व्यवस्था चल पड़ी। पूंजी ने प्रकृति और मानव के बीच के मनोरम रिश्ते पर गहरा हमला किया। एक ओर इसका दर्द और दूसरी ओर जीवन के सफर को आसान बनाने वाले साधनों की प्राप्ति की आश्वस्ती दोनों ही शंकरी दी आँखों और बातों से झाँक रही थीं। यूँ ही बात करते हुए हम कब बाबा जी के आश्रम तक पहुँच गए पता ही नहीं चला।
बाबा जी पंच तत्वआनन्द धाम सड़क के किनारे ही दिखाई दिया। दूर से ही ऊँलिखा हुआ दिखा रहा था। भीतर प्रवेश करते ही सामने हनुमान जी की मूर्ति दिखाई दी जिनके मस्तक के ऊपर श्रीराम, लक्ष्मण और सीता की मूर्तियाँ दी। शंकरी दी ने बताया कि जब बाबा जी इस जगह आए थे तब यहाँ जंगल था। वृक्ष के पास एक हनुमान जी की छोटी-सी मूर्ति थी। उनकी आत्मा ने महसूस किया कि मुझे यहीं रुककर साधना करनी होगी और वे वहीं रुक गए। आज वह छोटा-सा मंदिर एक खूबसूरत आकार ले चुका था। यहाँ बैठकर एक अद्भुत शान्ति महसूस हुई। पता चला कि इस जगह  की छत पर जो नीला, सफेद, लाल और पीले रंगों के सहारे चौकोर बने हैं वे बाबा के निर्देशानुसार ही बने हैं। इनका खास मतलब है। इनका मतलब तो मुझे नहीं मालूम था लेकिन कुल मिलाकर इस जगह की सजावट और अनोखी स्थिति ने मन में शान्ति का रंग घोल दिया था। इस लेख का अधिकतर अंश मैंने यहीं बैठ कर लिखा।
बाबा से मिलने का पल हाजिर था। मन में संशय तो नहीं था लेकिन मन कुछ ऐसी शब्दावली खोज रहा था कि बाबा से दीक्षा देने के बारे में सकारात्मक जवाब ही मिले। सफेद धोती और सफेद चादर में एक सफेद कपड़े से ढके टूल पर बैठे बाबा से लोग बारी-बारी से कुछ पूछ रहे थे। वे स्लेट पर चॉक से लिखकर उन्हें अपनी बात बता रहे थे। जब उनकी नजर मुझ पर पड़ी मैंने हल्के से झुककर प्रणाम करने के लहजे में सिर झुकाया। ये बात मैं सुन चुकी थी कि बहुत लोग उनसे दीक्षा मांगते हैं लेकिन वे अक्सर टालते रहते हैं। सही समय का इंतजार करने के लिए कहते हैं। पहले ही दिन यहाँ आकर दीक्षा मिल जाए यह प्राय: नाममुकिन है। बाबा न पूजा पाठ करते हैं न मन्दिर में जल चढ़ाते हैं और न ही खाते पीते हैं। शांत भाव से बैठे रहना और कोई कुछ पूछे तो लिखकर बताना उनका कार्य है। इनकी ख्याति यहाँ के गांववालों के होठों पर कोई जब चाहे सुन ले। बिन बोले ही बहुत कुछ समझ जाते हैं। यहाँ पहुँचकर मुझे यह महसूस होने में देर नहीं हुई कि ये योगी विद्युत चुम्बकीय किरणों के सहारे पृथ्वी और ब्रह्मांड की शक्तियों से जुड़े हुए हैं। दूर-दूर से लोग उन्हें खोजते हुए आते हैं। मैं भी अजीबोगरीब ढंग से यहाँ पहुँची थी ध्येय था आत्मतत्व के साथ ब्रह्माण्ड के रिश्ते को वैज्ञनिक ढंग से समझने की चाह। क्योंकि यह ज्ञान न मुझे किताबों से मिल पा रहा था और न ही किसी गुरु से। नेट पर जो सामग्री थी उनमें से किस पर विश्वास करें और किस पर न करें यह समझना मुश्किल था। जिज्ञासा शान्त हुए बगैर मन को चैन से बैठना मंजूर नहीं था। इसी के साथ मन यह भी जानता था कि इन सवालों का जवाब एक पल में मिल पाना संभव नहीं था। क्योंकि जवाब के भीतर से नए सवालो का उभरना स्वाभाविक था, जैसे कि सागर की लहरें।
मेरे लिए दुनिया की रस्मों को मानते हुए पूजा पाठ करना असंभव था। जिस बात की वाजिब वैज्ञानिक व्याख्या न मिले उसे स्वीकार करना मुश्किल था। मन ब्रह्मांड के ऐसे वैज्ञानिक सत्य को जानने के लिए भटक रहा था जिसकी मौजूदगी का एहसास आधुनिक विज्ञान के प्रयोगों से तो हो रहा था लेकिन उसे संपूर्ण ढंग से शब्दों में बांध पाना मुश्किल था। क्योंकि बीच-बीच में काफी खाली जगह थी जिसे ज्ञान से भरना जरूरी था। ऐसे ही ज्ञानी की तलाश मुझे यहाँ तक ले आई थी। मंदिर प्रांगण में कदम रखते ही बाईं ओर नीले रंग पर सफेद रंग से लिखे ऊँ और उसके बाहर एक सफेद घेरा और उसके बाहर एक लाल घेरा और उसके बाद एक हरा घेरा देखकर मुझे महसूस हुआ था कि इस चित्र का गूढ़ अर्थ है जिसका जवाब इन ज्ञानी बाबा के पास है। इसमें ब्रह्मांड का कोई गहरा सत्य भी छिपा है। बाबा जी से दीक्षा के लिए पूछते ही उन्होंने तुरंत हाँ कर दिया। जैसे उन्हें मालूम हो कि मैं यहाँ क्यों आई हूँ। बीज मंत्र देने के बाद उन्होंने बताया कि मेरी जरूरत को महसूस करते हुए ही उन्होंने पहली बार में ही मुझे दीक्षा देना स्वीकार किया था। शक्ति, आकाश और शान्ति के रंगों की उन्होंने पहचान करवाई। जीवन से जुड़ी कई ऐसी बातों के साथ ब्रह्मांड की गति का संबंध बताया। मैं आश्वस्त थी कि मैं सही जगह पहुँची हूँ। यहाँ से हासिल अनुभव की बात फोन पर घरवालों से साझा करते ही उन्हें भी महसूस हुआ कि एक महीने पहले ही मिले शंकरी दी के साथ जाने का निश्चय करके मैंने गलत नहीं किया। फिर भी पूर्णरूपेण नास्तिक और वायुसेना में लंबा समय बिता चुके मेरे पिताजी के लिए मेरा यह निर्णय एक अनुशासनहीन कार्य ही था जिसमें सुनिश्चित परिकल्पना का अभाव था।
बाबा जी के आश्रम में एक रात रुकने की योजना थी। शाम को हम जंगल की ओर निकल पड़े। साल, सहगन, पालश, सिमूल, महुए के वृक्षों का जंगल, दूर दिखने वाली विंध्याचल की शृंखला तो हमने सफर मे देखी ही थी। लेकिन आज हम इसी जंगल के बीच रुककर समय बिताना चाहते थे। हमारी गाड़ी एक ऐसी जगह जाकर रुकी जहाँ से विंध्याचल पर्वत की शृंखला दिखाई दे रही थी। सिर के ऊपर पलाश का वृक्ष था जिससे लाल पलाश के फूलों ने टप-टप गिर कर काले रास्ते के एक छोटे से हिस्से को लाल कर दिया था। पास ही दावानल की राख से काली पड़ी जमीन दिखी। उस पर कुछ बड़े पत्थर इस तरह बिखरे हुए थे जिसे देखकर ऐसा लग रहा था कि मानो किसी ने यहाँ आकर उन्हें रख दिया हो। उसी रास्ते से गाँव की एक बूढ़ी औरत गुजर रही थी। उससे बात करने के दौरान ही एक जीप रास्ते से गुजरी। उसमें बाबा जी के बेटे थे। वे झुरईनाला के आश्रम से ही लौट रहे थे। उन्होंने हमसे अपने गाँव पुरैल चलने का आग्रह किया। हम भी ग्रामीण धरती की महक को उनके परिवार के जरिए और गहराई से महसूस करने उनके ही पीछे चल दिए। जब बाबाजी ने सन्यास लिया था, तब यही बेटे बहुत छोटे थे। परिवार से स्वीकृति हासिल करने के बाद ही उन्होंने गृह त्याग किया था। और फिर बरसों वे किसी के भी संपर्क से दूर कहाँ जाकर रहे यह किसी को भी पता नहीं। बरसों बाद जब उन्हें सिद्धि मिली अपनों को भी उनका पता चला तब उनका पूरा जीवन समाज कल्याण के लिए समर्पित हो चुका था। अब उनकी सिद्धि उनके तथा और कई गाँवों के लोगों के जीवन को दिशा देने के मार्ग में उन्हें अग्रसर कर चुकी थी। गाँव के कई लोग जिन्होंने जीवन को बेहतर ढंग से जीने के लिए उनके ज्ञान का सहारा पाया था आज वे आश्रम के लिए समर्पित थे। मेरी खुशनसीबी थी कि उनके सिद्धि पाने वाले दिन यहाँ आकर उनसे मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
दूर कहीं विंध्याचल की शृंखला, कभी खेत तो कभी पलाश, साल, सहगन, महुए के वृक्ष, कभी घने जंगल में लगे दावानल का दृश्य देखते हुए हम पुरैल गांव की ओर बढ़ रहे थे। अंधेरा हो चुका था। हमारी गाड़ी जीप का पीछा करते हुए एक विशाल मिट्टी के घर के सामने आकर रुकी। यह बाबा जी का वह गृह था जिसे उन्होंने बरसों पहले त्याग दिया। घर के चारों ओर धान और भुट्टे के पौधे थे। एक अद्भुत मनोरम वातावरण था।  मन कह रहा था कि यहाँ अगर सुबह आना होता तो यही आनन्द सौ गुना बढ़ जाता। खास कर खेतों के बीच से निकली एक कच्ची मिट्टी की पतली सड़क से गुजरना जिसके किनारे पलाश के वृक्ष और पलाश के फूलों का रास्ते पर गिरकर बिखरे रहने का दृश्य मन बार-बार देखना चाह रहा था। बाबाजी के मझले भाई पुरैल डाकघर के पोस्ट मास्टर थे। घर पर ही डाकघर था। घर के सदर दरवाजे पर ही पोस्ट बाक्स और इंडिया पोस्ट का बैनर लगा हुआ दिखा। दरवाजे से भीतर प्रवेश करना मानों हमें किसी ऐतिहासिक युग में ले गया। मिट्टी की दीवारों से बना घर, घर के भीतर की सजावट में प्राचीन संस्कृति की महक थी। दीवार पर ही मिट्टी से बने कोठर जो आधुनिक युग के शेल्फ का काम देते हैं। मिट्टी के चुल्हे कम ऊँचाई वाले दरवाजे, बीच में बड़ा आंगन जिसमें तुलसी का पौधा लगा है, एक घर से होकर दूसरे घर में जाने का रास्ता मानो कोई भूल भुलैया हो। तीन भाइयों के परिवार के सदस्य अपने-अपने घर से आंगन में पहुँच सकते थे। यह साझा आंगन था। एक ओर दीवारों पर लटके भुट्टों का झाड़, घर में फैलाकर रखे खेत से निकाले गए आलू और दूसरी ओर घर में मौजूद आवश्यक आधुनिक असबाब दो अलग-अलग पीढ़ियों के एक साथ रहने का उदाहरण पेश कर रहे थे। बाबा जी इन सब से अलग निर्लिप्त थे। इतना निर्लिप्त कि उन्हें पाने के बाद जब उनसे यह आग्रह किया गया कि वे भले ही साधना में लीन रहें लेकिन दस्तखत करके महीने की पगार लेते रहें ताकि यह पैसा परिवार के काम आ सके, तब उन्होंने साफ इन्कार कर दिया। साझा परिवार और उनका तप और विशाल पुश्तैनी संपत्ति ने ही कभी उनके परिवार वालों को अकेले होने का अहसास ही नहीं होने दिया। इस परिवार की एकता को हमने उस शाम महसूस किया । परिवार के सदस्य आश्रम में हुए आज के कार्यक्रम में शामिल होकर लौटे थे लेकिन हमारे जाते ही वे इस तरह आवभगत में जुट गए कि लगा ही नहीं कि वे थके हुए भी हो सकते हैं। उस दिन मैंने पहली बार खेतों से तुरंत उठाकर भूना हुआ भुट्टा खाया। इसके स्वाद को ताजेपन के साथ अपनेपन ने मानो सौ गुना बढ़ा दिया था। उस दिन मैंने मिट्टी के घर के बनावट को काफी करीब से देखा। यह जाना कि खपरैल की दो छतों के बीच कैसे अनाज को सुरक्षित रखा जाता है और मिट्टी की दीवार को छुई मिट्टी से लीपने के बाद वह सूखकर सफेद रंग की हो जाती है। इस भरे पूरे परिवार को देखकर मन भर गया था लेकिन साथ ही इस बात को सुनकर मन उदास भी हो गया था कि कुछ सालों बाद अगर यहाँ आए तो यह घर यहाँ नहीं मिलेगा क्योंकि इस इलाके में भी कोयले की खदान होने के कारण खनन कार्य आरंभ हो जाएगा। तब ये खेत और यह घर भी बाजारवादी शक्तियों की भेंट चढ़ जाएंगे। एक तरफ आधुनिक संस्कृति का यह शिकंजा था और दूसरी तरफ परिवार की संस्कृति में आधुनिक और पारंपरिक मूल्यों का संगम था। इस संगम को मैंने तब महसूस किया जब समूह तस्वीर खिंचवाने के लिए घर के छोटे बेटे की बहू अपने जेठ जी के समक्ष नहीं आई लेकिन इसी घर ने एक और बेटे के लिए यह बात सहजता से स्वीकार कर ली है कि काम के सिलसिले में बेटे को कहीं और बहू को कहीं और रहना पड़ेगा। ऐसी ही अभिनव अनुभूति मुझे तब भी हुई थी जब गोलमार्केट में घूमते हुए शंकरी दी ने एक ऐसे दुकानदार से परिचय करवाया था जिन्होंने बेटी को खूब पढ़ाया और बेटों को कम पढ़ाया। उनका कहना था कि बेटा ज्यादा पढ़ेगा तो दुकान पर कौन बैठेगा? नौकरी के पीछे दौड़कर हमें छोड़कर चला जाएगा। बेटी का ज्यादा पढ़ना जरूरी है क्योंकि ससुराल में जाकर उसकी सूझबूझ और जरूरत पड़ने पर उसकी यही शिक्षा ही काम आएगी।
अगले दिन आश्रम से निकलने का पल हाजिर था। इस एक दिन में मेरे कई नए दोस्त बन गए थे। जैसे आश्रम में प्यार से सबके नाश्ते पानी का ध्यान रखने वाली नुपूर, श्वेता, संतोषी, साधना और आश्रम के रख-रखाव में निरंतर लीन वकील साहब, जो पहले वकालत करते थे लेकिन साधना पथ चुनने के बाद वकालत छोड़ दी थी। आश्रम में ही मिला एक प्यारा-सा सात आठ साल का लड़का कृपाशंकर और उसका छोटा भाई भीमशंकर। बड़े भाई की सूझबूझ, बड़ों जैसी नीति प्रधान बातें, उन्हें कहने का लहजा और इन सब के साथ एक अजीब-सा बचपना मन को मुग्ध कर गया। उसके छोटे भाई और उसकी जोड़ी जैसे राम लक्ष्मण की जोड़ी थी। सबको छोड़कर जाना मुश्किल था। झुरईनाला में बाबा के आश्रम से मैं जीवन जीने की एक सुनिश्चित राह और एक नया दृष्टिकोण लेकर निकल रही थी।
गुरुजी के आश्रम से लौटते हुए हम उन गली, मुहल्लों से गुजरे जहाँ शंकरी दी ने अपने परिवार के साथ कई साल बिताए थे। अपने पुराने क्वार्टर के बगल से गुजरते हुए उन्हें कुछ परिचित भी मिले। अपनों से अचानक मिलने की खुशी का अहसास उनके चेहरे पर साफ उभर आया था। वह हमें उन सभी जगहों पर ले जाना चाहती थी जहाँ अपने परिवार के साथ वह घंटों वक्त बिताया करती थी। हमें वह ज्वालामुखी मंदिर ले गई। वहाँ लगे मेले, रोशनी की चकाचौंध, देवी मां का चेहरा और मंदिर का माहौल देखकर शंकरी दी बोल उठी कि यहाँ सिर्फ एक पत्थर था जिसकी पूजा हुआ करती थी। अब इस पर चेहरा लग गया है। शंकरी दी हर पल मानो आज की हकीकत को बीते हुए कल से तुलना करते हुए नाप लेना चाहती थी। इसके बाद वह जयंत नगर के उस काली मंदिर में भी ले गईं जिसकी स्थापना बरसों पहले उन्हीं के साथियों ने मिलकर की थी। आज वह मंदिर विशाल आकार ले चुका था। वहाँ आकर मानो शंकरी दी की पुरानी यादें तरोताज़ा हो रही थीं।
सिंगरौली से निकलकर बनारस के लिए रवाना होने का समय आ गया था। यह दूरी हम सड़क मार्ग से तय कर रहे थे। इस इलाके के पहाड़ों का अनोखा सौंदर्य देखते हुए हम आगे बढ़ रहे थे। पहाड़ों का अनोखा सौंदर्य देखते हुए हम आगे बढ़ रहे थे। पहाड़ों और खेतों को एक साथ देख पाना एक अनोखा अनुभव था। रिहंद बांध और सोन नदी के आसपास के इलाके ने आँखों को जैसे बांध लिया था। ऊँचे-नीचे रास्ते से गुजरते हुए बनारस पहुँचने में लगभग साढ़े पाँच घंटे लगे। अगले दिन  बनारस से कोलकाता के लिए रेलगाड़ी पकड़नी थी। इसलिए शंकरी दी और उनके पति की कोशिश थी कि उस दिन संकटमोचन, सारनाथ, कालभैरव का मंदिर हमें दिखा दिया जाए। कहा जाता है कि कालभैरव बनारस शहर के प्रहरी हैं। यहाँ के राजा हैं शिव और रानी हैं माँ अन्नपूर्णा। समय की कमी के कारण बनारस की आत्मा को महसूस कर पाना संभव नहीं हो पाया। विश्वनाथ तथा अन्नपूर्णा मंदिर और विशुद्धानन्द कानन आश्रम कहीं भी जाना संभव नहीं हो पाया। इसलिए इस शहर में दोबारा आने की हसरतें लेकर मैं लौट रही थी। जाते-जाते अमृतसर हावड़ा मेल के आठ घंटे देरी से आने की घटना ने एक और व्यक्ति से परिचय करवाया। जब खबर मिली कि पंजाब मेल तकरीबन रात के साढ़े बारह बजे बनारस पहुँचेगी तब माथे पर चिंता की रेखाएँ उभर आई थीं। क्योंकि बेटी की तबीयत सुबह से थोड़ी खराब थी। ऐसे में बनारस स्टेशन के ही एक कुली राजेन्द्र जी से पहचान हुई। भले ही उनसे उनकी सेवा के लिए तीन सौ रुपये की रकम देने की बात तय हुई थी लेकिन लगातार आकर बच्ची की तबीयत के बारे में पूछना और निश्चिंत होकर आराम करने की बात कह कर जाना उस बुजुर्ग व्यक्ति के स्नेहिल स्वभाव को ही व्यक्त कर रहा था। उन्हीं की वजह से निश्चिंत भाव से हम रात के बारह पैंतालिस को ट्रेन से हावड़ा के लिए रवाना हो पाए। इस अप्रत्याशित सफर की यादों के साथ मैं बनारस से हावड़ा की दूरी कर रही थी। मन जैसे यह बात बारीकी से जान लेना चाहता था कि इस सफर में इसने अपनी झोली में क्या-क्या बटोरा।

एक शान्तिपूर्ण गाँव तिनचुले का सफर / Journey to a Quiet Village Tinchuley




एक शान्तिपूर्ण गाँव तिनचुले का सफर
बनारस से कोलकाता लौटकर उसी दिन रात को न्यू जलपाईगुड़ी के लिए ट्रेन पकड़ना था। इतना लम्बा सफर मैंने पहले कभी भी तय नहीं किया था। बनारस से हावड़ा आने वाली पंजाब मेल तकरीबन नौ घंटे देर से चल रही थी। जब तक हम रात को दार्जिलिंग मेल  में नहीं बैठे तब तक मन में चिंता के बादल छाये रहे। इस बार हमारी मंजिल थी एक शांतिपूर्ण, प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर ओक और पाइन वृक्षों से लदा गाँव तिनचुले।
पर्यटकों के भीड़ भाड़ से मुक्त यह गुप्त पर्यटन स्थल यहाँ के लोगों की खूबसूरत मेज़बानी के कारण अब लोगों की नजर में आने लगा है। इस सुरम्य स्थल में पहुँचने की घड़ी करीब थी। हम प्रणव और मैरी के घर पहुँचकर उनके साथ इस सफर पर निकलने वाले थे। खुशमिज़ाजी के साथ हम तिनचुले के सफर पर रवाना हुए। शहर की भीड़-भाड़ पार कर जब गाड़ी सेवक रोड पर चलने लगी तो हवा की नमी  ने हल्का-सा छुआ। एक ओर पहाड़ की दीवार और दूसरी ओर तिस्ता नदी का नजारा था। हर बार की तरह इस बार तिस्ता चंचल नहीं लगी। कहीं-कहीं तो वह एक शांत झील की तरह नजर आ रही थी। ऊँचे पहाड़ों की गोद में खड़े पाइन, ओक, साल, सहगन के वृक्ष पहाड़ों को मानो हरे चादर से ढके हुए थे। पहाड़ी इलाके की शान्ति मानो मन में रिस रही थी। एक पहाड़ी से दूसरी पहाड़ी तक जाने के लिए सर्पीले रास्ते और दूर से दिखाई देने वाले घर किसी चित्रकार द्वारा बनाए गए तस्वीर जैसे दिख रहे थे। इस तरह सफर तय करते हुए राह में भुट्टे के पौधे, चाय के बाग और फार्म हाउस भी दिखाई देने लगे थे। गाड़ी चालक ने बताया कि हम अपनी मंजिल के काफी करीब हैं। तिनचुले का राई रिसोर्ट हमारी मंजिल था। इस रिसोर्ट में पहुँचने के साथ ही यहाँ की खूबसूरती देखकर मन मानो खिल उठा। पीले और नारंगी रंग के तीन कोनों के छत वाले कॉटेज और घर आँखों को आकर्षित कर रहे ते। चारों ओर लगे रंग-बिरंगे फूलों के वृक्ष मानो यहाँ पल भर समय बिताने का निमंत्रण दे रहे थे। इस रिसोर्ट के खुशमिज़ाज सेवक दिलीप ने कॉटेज के बरामदे पर खड़े होकर दूर पहाड़ी की ओर इशारा करते हुए बताया कि यहाँ से बर्फ से ढकी कंचनजंघा की चोटी दिखाई देती है। और वह दूर की पहाड़ियों की  तरफ इशारा करते हुए बताने लगा कि कौन-सा स्थल कलिंगपोंग है, कौन-सा सिक्किम और दार्जिलिंग है। तब मन इन बातों को सुनने से कहीं ज्यादा पहाड़ों की इस शान्त खूबसूरती में रमना चाहता था।
कॉटेज के बगल में एक कच्ची मिट्टी का रास्ता थोड़ा ऊपर चला गया था। उस रास्ते पर चलकर हम उस पहाड़ के सबसे ऊँचे बिन्दु पर पहुँचे। वहाँ से चारों तरफ के पहाड़ दिखाई दे रहे थे। कुछ ऊंचे कुछ नीचे पहाड़, दूर दिखाई देने वाली कुछ धूमिल पर्वत शृंखलाएं और घने मेघ के पीछे ढका कंचनजंघा जिसे देखने की हसरत मन को घेरे हुए थी, इन बातों ने कुल मिलाकर एक खूबसूरत समा बांध दिया था। पहाड़ की इस ऊँचाई पर बैठने के लिए पेड़ों के तनों को काटकर मेज और गोल बैठने की जगह बनी हुई थी। यहाँ बैठकर घंटों बिताया जा सकता था। धीरे-धीरे शाम हो गई और हम कॉटेज के सामने के बरामदे पर आकर बैठ गए। यहाँ से रात का नज़ारा अद्भुत दिख रहा था। पहाड़ की ढलानों पर रोशनियां जलने लगी थी। रोशनी के घनत्व के जरिए पता चल रहा था कि इस पहाड़ के बगल वाले पहाड़ में घना जंगल है। वहाँ रोशनी का नामोनिशान नहीं था। होटल के ड्राइवर ने बताया कि इन्हीं जंगलों से रात को चीता कई बार नीचे उतर आते हैं। उसे डर नहीं लगता। क्योंकि उसका मानना है कि इंसान से ज्यादा ताकतवर और कुछ भी नहीं होता। इंसान जो चाहे कर सकता है। चीता अक्सर बकरियों और कुत्तों को मारकर खाता है।
अगले दिन सुबह साढ़े पाँच बजे उठकर सैर पर जाने का मंजर शुरू हुआ। सुना था ऊपर एक सदियों पुराना बौद्ध विहार है। हम चलकर उस ऊँचाई तक पहुँचे। हमारे साथ-साथ होटल का एलसीशियन कुत्ता मेस्सी भी मानो राह दिखाते हुए यहाँ तक चला आया। रिसोर्ट में आने के बाद से ही वह हमारे आस-पास ही घूम रहा था। पहाड़ी इलाकों में हर घर के लोगों के एक या दो कुत्ते होते हैं। दूसरे इलाके का कुत्ता या अनजान व्यक्ति उनके इलाके में पहुँच जाए तो जोर से भौंकने लगते हैं। हमें डर सिर्फ इस बात का था कि हम अगर किसी घर के बगल से गुजरे तो उस घर के कुत्तों के साथ मेस्सी की झड़प क्या हालात पैदा करेगी?  फिलहाल ऐसा कुछ भी नहीं हुआ और हम इस अद्भुत शान्त गाँव के सौंदर्य का आनंद उठाते हुए रिसोर्ट लौट आए। झाउ वृक्ष, भुट्ठे के पौधे, बांस के पेड़, चाय की खेती, फूलों के पौधों ने इस जगह को अद्भुत शोभा से भर दिया था। दूर दिखाई देने वाली सीढ़ीदार खेती और ताश के घरों से दिखने वाले छोटे-छोटे घर इस जगह को जंगली निर्जनता से पैदा होने वाली उदासीनता में डूबने नहीं दे रहे थे। यहाँ निर्जनता में भी जिन्दगी की छुवन थी।
सुबह दस बजे हम तुनचुले के आस-पास के इलाके को देखने के लिए रवाना हुए। सुना था दार्जिलिंग यहाँ से ज्यादा दूर नहीं है। मन में दार्जिलिंग जाने की इच्छा भी तुरंत जग उठी पेशॉक चाय के बाग का खूबसूरत नजारा देखते हुए तकदा बाजार से होकर घूम रेलवे स्टेशन के बगल से हम रोप वे तक पहुँचे। बगल में सेंट जोसफ स्कूल था जहाँ कई फिल्मों की शूटिंग हो चुकी थी। रोप वे बंद होने के कारण हमने बताशिया लूप में ज्यादा वक्त बिताने का निश्चय किया। गाड़ी से जाते हुए दार्जिलिंग गवर्नमेंट कॉलेज की अध्यापिका संध्या दी दिखी। पार्किंग नहीं थी इसलिए ड्राइवर गाड़ी नहीं रोक पाया। संध्या दी को देखकर लगा कि दूर से वह ठीक से समझ नहीं पाई कि कौन उन्हें बुला रहा था। लौटते वक्त मैंने ड्राइवर से दार्जिलिंग गवर्नमेंट कॉलेज के पास गाड़ी रोकने के लिए कहा और कुछ ही पलों में उनके विभागीय कक्ष में पहुँच गई। बरसों बाद उनसे मिल रही थी। उनकी छोटी बहन सोनल मेरी छात्रा रह चुकी थी। मैं फेसबुक पर उनके द्वारा पोस्ट किए गए कंचनजंघा की खूबसूरत तस्वीरें देख चुकी थी। वहाँ रहने के अहसास के बारे में उनसे जानना चाहती थी॥ लेकिन समय बहुत कम था। नीचे गाड़ी में शान्तनु, राशी और प्रणव का परिवार मेरा इंतजार कर रहा था। कॉलेज से निकलकर बताशिया लूप और फिर लामाहाटा पार्क का सफर तय करते हुए मन में अनायास ही एक बात उभर उठी। मेरा मन राह के पेड़ों की धड़कन को महसूस कर रहा था और मानो अपना अंश इनके पास छोड़ता चला जा रहा था। क्योंकि उसे यह महसूस हो रहा था कि इस पेड़ों की आत्मा और उनसे निसृत तरंगें ही इस जगह की खूबसूरती कारण हैं। ये सिर्फ पहाड़ की गोद को ढकने वाले हरे चादर ही नहीं बल्कि अपनी आत्मा से पहाड़ों में लोगों को खींचने के आधार भी हैं। हवा के साथ हिलकर इनके पत्ते आँखों को रमाते हैं, हवा के पत्तों से टकराने के कारण होने वाली ध्वनि कानों को तृप्त करती है, रंग-बिरंगे फूल आँखों को खींचते हैं। पहाड़ी जंगल में एक खास महक घ्राणेन्द्री को स्पर्श करती है। कोई कहता है पेड़ों की महक है और कोई कहता है मेघों की महक है। लेकिन कौन-सी बात सही है इसका पता मुझे आज तक नहीं चल पाया। मुझे सिर्फ इस बात का एहसास हैकि यह महक एक पागल कर देने वाली महक है।
अगले दिन सुबह-सुबह प्रणव, मैरी और प्रमीत को निकल जाना था। हमें एक और दिन यहाँ रुकना था। यह दिन शान्तिपूर्ण भाव से इस जगह की शान्ति, सौंदर्य महक को अपने भीतर रिसाने के लिए ही रखा गया था। सुबह हम फिर लम्बी सैर को निकले। हम पैदल चलते हुए काफी नीचे तक पहुँच गए थे। नीचे एक मिलनसार व्यक्ति के परिवार से मुलाकात हुई। वे भारतीय सेना के कर्मचारी थे। उनकी हाशीमारा में पोस्टिंग थी। कुछ दिनों के लिए घर आए हुए थे। मेस्सी को देखकर उनके पालतू कुत्ते भौंकने लगे थे। उन्होंने उन्हें रोका और हम अलविदा कहकर ऊपर अपने कॉटेज की ओर निकल आए। अभी तक इस सफर के बारे में मैंने जो कुछ भी लिखा है वह कॉटेज लौटकर यहाँ के बरामदे से पहाड़ों के निर्जन सौंदर्य को निरखते हुए ही लिखा।
तिनचुले से लौटने की घड़ियाँ आ गई थीं। प्रणव का परिवार जरूरी काम से एक दिन पहले ही लौट गया था। उसके बाद एक बड़ा पर्यटकों का दल आकर लौट चुका था। मेस्सी सबका साथ निभाता रहा। इन सबके जाने के बाद वह मुझे एक कोने में उदास बैठा दिखाई दिया। बेटी राशी उसे बार-बार बुलाती रही लेकिन वह चुपचाप पड़ा रहा। मुझे ऐसा महसूस हुआ मानो वह उन सब से नाराज है जो आकर लौट जाते हैं और वह साथ निभाने के बावजूद उनके द्वारा अकेला छोड़ दिया जाता है। मेरी बेटी को मेस्सी से खास लगाव हो गया था।
तिनचुले के राई रिसोर्ट से विदा लेने के पल को राई परिवार ने एक यादगार पल बना दिया। उन्होंने मुझे, शान्तनु और राशी को सफेद उत्तरीय पहनाकर अलविदा कहा। कोमल भावों से भीगा वह पल बेहद खूबसूरत था। उनके प्रेम और स्नेह को आंचल में बटोरकर हम न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन की ओर रवाना हुए। इस सफर में गाड़ी के चालक बाबिन से हमें इस इलाके के बारे में काफी कुछ जानने को मिला। लौटते वक्त वह हमें गुम्बा दारा के पेशॉक चाय बाग में ले गया। ऊपर दिखाई देने वाले एक बड़े से पत्थर की ओर इशारा करते हुए उसने कहा कि उसी पत्थर पर एक बार चीता बैठा हुआ पाया गया था। उसने भी कई बार रात को चीता देखा है। लेकिन आज तक चीता ने किसी आदमी को चोट नहीं पहुँचाई। इसलिए उसे भी डर नही लगता। चीता कभी दिखा भी तो वह अपने रास्ते चला गया और बाबिन अपने रास्ते चल दिया।
पेशॉक चाय का बाग मुझे कुछ बेतरतीब दिखा। बाग में चाय के पौधों के साथ छोटे-छोटे सफेद फूलों के पौधे उग आए थे। बाबिन ने बताया कि ये छोटे-छोटे सफेद फूलों वाले पौधे बनमारा फूल के पौधे हैं। टॉनसिल, घाव के लिए ये बेहद लाभकारी हैं। इसके अलावा बाबिन ने तीतापाती के पौधे का पत्ता तोड़ कर मुझे दिया और उसका लाभ भी बताया। राह चलते हुए उसने एक जगह गाड़ी रोकी और घास की तरह इफरात में उगे पौधे के एक पत्ते को तोड़कर सूंघने के लिए कहा। उसमें से नीबू की गंध आ रही थी। यह लेमन ग्रासथा जो यहाँ शहरों में शॉपिंग मॉल में मिलता है। बाबिन ने बताया कि पेशॉक चाय के बाग एलकेमिस्ट के अधीन थे। शारदा घोटाले के बाद इनका सही ढंग से देखभाल नहीं हो पा रहा । तभी ये बाग बेतरतीब से दिख रहे हैं।
खेती, पशुपालन, पर्यटकों के लिए रहने, खाने पीने और सैर कराने की व्यवस्था और छोटी मोटी दुकानें यहाँ आजीविका कमाने के साधन हैं। टमाटर, मिर्ची, फूल गोभी, बंध गोभी और भुट्टे की खेती यहाँ देखने को मिली। जैसे-जैसे हम मैदानों की ओर उतरते रहे बड़ी इलाइची के पौधे दिखने लगे। बाबिन ने कुछ पौधों की ओर इशारा करते हुए बताया कि इसके पत्ते फूलों का गुलदस्ता बनाने के काम आते हैं। इसे यहां के लोग पानी आंवला का पौधा कहते हैं। इन पौधों की जड़ों में आँवले जैसा फल होता है। प्यासे के लिए इस फल का रस पानी का काम करता है। इसीलिए इसे यहाँ के लोग पानी आँवले का फल कहते हैं।
राई रिसोर्ट से उतरते हुए बाबिन ने नामची के पहाड़ के शिखर पर स्थित शिवजी की मूर्ति दूर से दिखाई। यह एक ऐसी जगह थी जहाँ से नामची, नथुलापास, छोटा मंगवा, बड़ा मंगवा और तिनचुले एक साथ दिखाई दे रहे थे। नामची के शिव के पीछे ही कंचनजंघा निद्रामग्न बुद्ध की तरह दिखाई देता है।
हमारी गाड़ी एक ऐसी जगह पर आकर रुकी जहाँ तिस्ता और रंगीत नदियाँ मिलती हैं। रंगीत का जल पारदर्शी है और तिस्ता का जल हरा। इन दोनों नदियों का यह संगम स्थल बेहद खूबसूरत था। गाड़ी के साथ तिस्ता नदी भी बहती चल रही थी। इस बार मुझे तिस्ता हमेशा की तरह चंचल नहीं दिखी। कारण पूछने पर बाबिन ने बताया कि तिस्ता लो डैमअर्थात तिस्ता नदी पर बांध बनाने की वजह से यह नदी शान्त हो गई है। यह नदी सिक्किम से बहकर भारत से होते हुए बांग्लादेश जाती है। इस नदी पर बांध बनाने की वजह से बांग्लादेश के लोगों के लिए दिक्कत का पैदा होना स्वाभाविक है। इस हकीकत को सुनकर महसूस हुआ कि लोग चाहे धरती को जितने टुकड़ों में बांटे लेकिन हवा, नदी, आकाश के दान को बांटना असंभव है। यह प्रकृति का दान है। इंसान को मिलजुल कर ही इसका प्रयोग करना होगा। प्रकृति के ये उपादान मानों हमें मिलजुल कर जीना सिखाते हैं। इस सफर ने प्रकृति की एक ऐसी छवि मन में आंक दी जिसका रंग मेरे ज़ेहन में हमेशा चमकता रहेगा।

Thursday, 15 March 2018

दो ऐतिहासिक शहरों की कथा / The Story of Two Historical Cities





 ऐतिहासिक शहर दिल्ली और आगरा देखने का सौभाग्य पच्चीस साल पहले हुआ था। आज फिर किसी काम से जब दिल्ली जाने की जरूरत पड़ी तो इन दोनों शहरों को फिर से देखकर पुरानी यादें ताजा करने का ख्याल दिल में आया। सुबह साढ़े छह बजे हवाई जहाज से हम दिल्ली के लिए रवाना हुए। यह मेरे जीवन की पहली हवाई यात्रा थी। उड़ान भरते ही धीरे-धीरे जमीन की रेखाएँ धूमिल होने लगीं और बादलों को चीरते हुए हम उनसे ऊपर पहुँच गए। यहाँ से सब कुछ ऐसा दिख रहा था मानो ख्वाबों की दुनिया हो। लगभग डेढ़ घंटे में हम दिल्ली पहुँच गए।
दिल्ली शहर के कुतुब मिनार से इस शहर के पर्यटन स्थलों को देखने का सिलसिला शुरू हुआ। सन् 1193 में दिल्ली सल्तनत के संस्थापक कुतुबुद्दीन ऐबक के द्वारा कुतुबमीनार का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। फिर इल्ततमिश, अलाउद्दीन खिलजी ने इसके निर्माण को आगे बढ़ाया। सन् 1369 में बिजली गिरने की वजह से इसका ऊपरी हिस्सा नष्ट हो गया था जिसका फिरोज़ शाह तुगलक ने पुनर्निर्माण करवाया। भीषण भूकम्प के झटकों से जब सन् 1505 में यह मिनार फिर से क्षतिग्रस्त हुआ तब सिकन्दर लोदी ने इसे ठीक करवाया। मेजर रोबर्ट स्मिथ ने इसके पाँचवें मंजिल के ऊपर छठी मंजिल बनवाने की कोशिश भी की थी। पास ही खड़े एक पर्यटक अपने साथी को बता रहे थे कि कुतुबमीनार के प्रांगण में बने मस्जिद के पूर्वी दरवाजे के भीतर की ओर फारसी में लिखा है कि इस मस्जिद का निर्माण दिल्ली के सत्ताइस हिन्दू और जैन मन्दिरों को तुड़वाकर किया गया।  मंदिरों के स्तंभों को मस्जिद में लगा दिया गया। उन पर की गई खुदाई आज भी बरकरार है। गुप्त साम्राज्य का ज़ंगमुक्त लोहे का स्तंभ भी यहीं लाकर रखा गया है जिस पर ब्राह्मी लिपि की खुदाई बरकरार है। इतिहास के गर्भ से सत्य का मोती खोज लाना तो दुष्कर है पर यह बात सुनकर मन में अनायास ही यह बात जरूर उभर कर आयी कि इन इमारतों और स्तंभों की आत्मा इनकी कलात्मकता में बसी हुई है। तभी हिन्दू मुस्लिम वैमनस्य के चलते भले ही मन्दिरों के पत्थर मस्जिद में लग गए हैं लेकिन आज ये कलाकृति के नमूनों के तौर पर पारसी और ब्राह्मी दोनों लिपियों को संजोए हुए धार्मिक एकता का प्रतीक बनकर हर धर्म के पर्यटकों को अपनी ओर खींच रहे हैं।
शासकों की नगरी और भारत का दिल यह शहर दिल्ली कई शासकों की कला और संस्कृति की छाप लिए हुए है। इस शहर में खड़े लोदी वंश के नामोनिशां से रूबरू होने हम लोदी बाग पहुँचे। इसे पंद्रहवीं और सोलहवीं शताब्दी के बीच सैय्यद तथा लोदी शासकों ने बनवाया था। इसका पुनर्संस्कार स्टेन और गाररेट एक्बो ने सन् 1968 में करवाया। यहाँ मुहम्मद शाह और सिकन्दर लोदी के मकबरे और बड़ा गुम्बद और शीश गुम्बद उस युग की वस्तुकला की गरिमा को पेश करते हैं। आज इस जगह की हरियाली और सुव्यवस्था सुबह की सैर, व्यायाम और योगाभ्यास के लिए लोगों को अपनी ओर खींचती है।
मृत्यु के बाद दफनाने की जगह को शान्तिपूर्ण और भव्य बनाने की रीत के चलते मुस्लिम शासको ने इस शहर को कई खूबसूरत मकबरे भेंट किए। हुमायूँ का मकबरा उनमें से ही एक है। मिरिक मिर्जा घियास के कलात्मक परामर्श से निर्मित यह मकबरा भारतीय उपमहाद्वीप का पहला ऐसा मकबरा है जो बागों से घिरा है। सन् 1993 में यूनेस्को ने इसे अंतर्राष्ट्रीय विरासत का दर्जा दिया है। मुगल सल्तनत के संस्थापक बाबर ने बागे बाबर की अवधारणा सामने रखकर स्वर्गीय बागीचे में खुद को दफनाने का जो सपना देखा था वह हुमायूँ के समय में बरकरार रहा। हुमायूँ के मकबरे के प्रांगण में बने चार बाग फारसी शैली में बने अनोखे बाग हैं। स्वर्गीय बागीचे के बीच बने इस मकबरे में मुगल राज परिवार के अन्य कई सदस्यों को भी दफनाया गया है। एक ब्रिटिश व्यवसायी विलियम फिन्च ने इस मकबरे के अन्दरूनी वैभव, कीमती कालीन और शामियाना, सफेद कपड़े से ढके कुरान और उसके सामने रखी हुमायूँ की तलवार का जिक्र किया है। इस वर्णन के साथ आज के युग की हकीकत को मिलाना असंभव है। इससे समय या काल की शक्ति का ही प्रमाण मिलता है। सपनों का बाग आज भले ही सरकार की कोशिशों से हरा भरा और सुरक्षित हो लेकिन कब्र के आसपास की जगह का वैभव कीमती आसबाबों के अभाव में फीका पड़ा हुआ है। शेरशाह सूरी के अमीर खान का मकबरा भी हुमायूँ के मकबरे तक पहुँचने की राह में ही खड़ा मिलेगा। जो दरअसल उस प्रांगण का सबसे पुराना मकबरा है। खान ने मुगलों के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी लेकिन मृत्यु के बाद मुगल शासक हुमायूँ के मकबरे के पास ही उनका भी मकबरा खड़ा है। वैमनस्य का कहीं भी नामोंनिशां नहीं है। मानो मृत्यु के आहोश में दोनों का शान्तिपूर्ण सहअस्तित्व है।
इस सफर में मेरी पच्चीस साल पुरानी यादें जहाँ ताजा हो रही थीं वहीं इतिहास की गलियों में घूमकर इस देश के शासकों की पुरानी निशानियों को एक बार फिर से नए सिरे से देखने का मौका मिल रहा था। पुरानी यादों को जिंदा करने के इस सफर में मेरा अपने कॉलेज के दिनों की सहेली मौमिता से मिलना कॉलेज एवं विश्वविद्यालय के दिनों की यादों को ताजा कर गया। इस पूरे सफर में एक ओर मेरे पुराने दिनों की यादें ताजा हो रही थीं, वहीं दूसरी ओर समय के सशक्त प्रभाव का अहसास भी हो रहा था। अगले दिन सुबह हमें अत्यंत कम समय में दिल्ली से आगरा जाने वाली विलास प्रधान रेलगाड़ी गतिमान एक्सप्रेस से आगरा के लिए रवाना होना था। यह गाड़ी निजामुद्दीन स्टेशन से छूटती है। इसलिए हमने रात को निजामुद्दीन स्टेशन के रिटायरिंग रूम में रहने का निर्णय लिया था।
अगले दिन के सफर में गतिमान एक्सप्रेस के रेलकर्मियों की मेज़बानी ने राजशाही रंग भर दिया। इनकी मेज़बानी का लहज़ा और मेज़बानों की वेशभूषा आगरा पहुँचने से पहले ही मानो राजाओं की नगरी में प्रवेश करने की सूचना दे रही थी। आगरा का रेलवे रिटायरिंग रूम भी राजशाही लहज़े का ही था। सुबह तकरीबन साढ़े दस बजे हम अकबर के ख्वाबों का किला फतेहपुर सीकरी देखने निकल पड़े थे। कहा जाता है कि यहाँ सूफी संत शेख सलीम चिश्ती के आशीर्वाद से अकबर को जोधाबाई से पुत्र संतान की प्राप्ति हुई थी। शेख सलीम चिश्ती का बसेरा सीकरी में पहाड़ी पर था। पुत्र पाने की खुशी में अकबर ने यह किला बनाया जिसका नाम दिया फतेहपुर। पुत्र संतान की प्राप्ति मानो अकबर के जीवन पर फतेह की सूचक हो। पहाड़ी पर स्थित इस महल तक ले जाने के लिए नीचे बसें खड़ी रहती हैं। पहाड़ी पर पहुँचकर हम फतेहपुर के दिवाने आम से इस किले में दाखिल हुए। बीच में बागीचा और उसके तीनों तरफ आम जनता के बैठने के लिए जगह थी। और महल की तरफ ऊँची जगह पर सम्राट के बैठने की जगह थी। मंत्री सम्राट के आसन के ठीक नीचे खड़े होते थे। और विचार के लिए रखे जाने वाले मुद्दों की घोषणा करते थे। दीवाने आम से होकर महल के भीतरी हिस्से में जाने का रास्ता था।
दीवाने खास जहाँ बैठकर अकबर ने अपने दरबार के नवरत्नों के साथ दीन ए इलाही धर्म की बात को साझा किया था, एक अद्भुत जगह है। दीवाने खास के बीचोबीच एक मोटा खंबा जिसमें उनके ‘तीनों धर्म की रानियों के सम्मान में इसाई, मुस्लिम और हिंदू धर्म के प्रतीक चिह्न बने हैं। इस खंबे के ऊपरी हिस्से में अकबर के बैठने की जगह थी। और उन्हें घेर कर उनके नौ मंत्रियों के बैठने की जगह।
एक तरफ गंभीर विषयों की चर्चा के लिए दीवाने खास था तो ठीक उसके पीछे रानियों की लुका-छिपी का खेल खेलने के लिए खास ढंग से बने कमरे थे। और उसके बाहर अकबर के चौसर का खेल खेलने के लिए विशेष प्रबंध था, जहाँ दासियाँ अलग-अलग वस्त्र पहनकर एक एक चौकोर में खड़े होकर गोटियों की भूमिका अदा करती थीं। और सम्राट के इशारे पर एक चौकोर से दूसरे चौकोर में जाती थीं।
पंचमहल का अकबर के ख्वाबगाह अर्थात रहने की विलासिता पूर्ण जगह से जुड़ा होना, ख्वाबगाह के भीतर गुलाब जल और चंदन की लकड़ियों से बनी सीढ़ियों के होने की बात सुनकर सम्राट के विलासितापूर्ण जीवन की कल्पना आसानी से की जा सकती है। तीनों रानियों के लिए उनके धार्मिक विश्वास का सम्मान करते हुए बनवाए गए महलों में अकबर के धार्मिक सहिष्णुता की छवि स्पष्ट उभरकर सामने आती है। शाकाहारी होने के कारण जोधाबाई की अलग रसोई थी। और मायके से दासियाँ मिलने के कारण जोधाबाई के महल में उनके भी रहने का प्रबंध था। जोधाबाई के महल के बीचोबीच तुलसी का पौधा एक ऊँची जगह पर लगा था। आज वहाँ एक अन्य पौधा लगा है। सोना चांदी और मणियों से कभी थे महल अलग शोभा बिखेरते थे। लेकिन ब्रिटिश राज में इन मणियों को उखाड़कर एवं सोने को गलाकर निकाल लिया गया। सुनहरी और रंगीन चित्रकारी भी वक्त के साथ आज फीकी हो गई है। इसलिए उस युग के ऐश्वर्य को महसूस करने के लिए कल्पना की ऊँची उड़ान भरनी पड़ रही थी। ऐश्वर्य भले ही लुट गया हो लेकिन जलाशय के बीचोबीच बना, वह चबूतरा जहाँ तानसेन और बैजू बावरा के बीच संगीत  की ऐतिहासिक प्रतियोगिता हुई थी और जो तानसेन की कला साधना की भी प्रतीक है, उस युग की कलात्मक रुचि का अहसास आज भी दिलाती है।
फतेहपुर में प्रवेश करते ही अकबर और बीरबल के बचपन से पढ़े किस्से याद आने लगे थे। पढ़ी हुई इन कहानियों के किरदारों को इस किले ने जैसे सजीव हो उठने के लिए एक वातावरण दे दिया था। मनोरंजन, संगीत, साधना, धार्मिक सहिष्णुता और सौंदर्यमय वातावरण ने अकबर के शासन के उस काल की एक मनमोहक छवि मन में खींच दी थी। हकीकत का सबसे बड़ा हमला मैंने तब महसूस किया जब यह जाना कि इस नगरी को बनाने में तो पंद्रह साल लगे लेकिन अकबर वहाँ अधिक समय तक नहीं रह पाए, क्योंकि उस जगह पानी की कमी थी। पानी रखने के लिए बना एक गोलाकार बड़ा टैंक, जो आज टूट चुका है, उस पर भी नज़र पड़ी। इस लिहाज से देखें तो यहाँ प्रकृति के सामने राजशाही हारी हुई सी दिखाई देती है।
सीकरी में शेख सलीम चिश्ती का दरगाह फतेहपुर के राज किले के पास ही है। इस दरगाह के दीवारों की नक्काशी देखने लायक है। इस दरगाह में लोग दूर-दूर से चादर चढ़ाने आते हैं। दरगाह आंगन के एक तरफ है और आंगन के तीनों ओर बने कमरों और बरामदे में कभी आइने अकबरी के लेखक अबुल फज़ल बच्चों को तालीम दिया करते थे। दरगाह में आए दर्शनार्थी आज यहाँ घड़ी भर बैठकर शीतल हवा के झोंकों को महसूस करते हैं। दरगाह के ठीक सामने 180 फीट ऊँचा बुलंद दरवाजा मौजूद है। मस्जिद के बनने के पाँच साल बाद और अकबर के गुजरात अभियान की सफलता के प्रतीक रूप में यह दरवाजा बनाया गया। दरवाजे पर मरियम के पुत्र ईसा का यह कथन खुदा हुआ है कि यह दुनिया एक पुल है इसके ऊपर से गुजरो लेकिन यहाँ घर मत बनाओ। प्रार्थना में समय गुजारो क्योंकि बाकी जो कुछ है वह अनदेखा और अनजाना है। आज भी लोग यहाँ शेख सलीम चिश्ती के दरगाह में प्रार्थना में समय गुजारते हैं।
शेख सलीम चिश्ती की दरगाह के पीछे ही कुछ सीढियाँ नीचे की ओर चली गई हैं। गाइड ने बताया कि यहीं अनारकली को जिन्दा चुनवाने का हुक्म हुआ था। इंसान के कई रूप होते हैं। इस हकीकत की पुष्टि इस बात से हो जाती है कि दीन-ए-इलाही की उदारता से भरी घोषणा और अनारकली को जिन्दा चुनवाने का हुक्म दोनों एक ही सम्राट की कोशिशें थीं। अकबर को लाल पत्थर पसंद थे और जहांगीर को सफेद। अपने जीवन में शेख सलीम चिश्ती की खास जगह महसूस करते हुए जहांगीर ने अपने पिता द्वारा लाल पत्थर से बनवाए इस संत के दरगाह को सफेद पत्थर से बनवाया। दरगाह के निर्माण में अपनी पसंद का आरोपण करके मानो जहांगीर ने सूफी संत शेख सलीम चिश्ती के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की थी।
फतेहपुर सीकरी के बाद हमारा अगला मुकाम था सिकंदरा। सिकंदरा में अकबर का मकबरा है। इसे बनवाने का कार्य अकबर ने आरंभ किया था लेकिन इसे उसके पुत्र जहांगीर ने पूरा किया। जहाँगीर इस कार्य की देख-रेख के लिए शीश महल में ठहरा करते थे। अकबर के मकबरे में दाखिल होने से पहले सलामी दरवाजे से गुजर कर दाखिल होना पड़ता है। इस दरवाजे की ऊँचाई इतनी कम है कि सिर अपने आप झुक जाता है। गाईड ने बताया कि दर्शनार्थी सिर झुकाकर दाखिल हो। इसलिए इस दरवाजे का निर्माण इस तरह किया गया। श्रद्धा से सिर के झुकने और मजबूरी में सिर के झुकने के बीच भावनात्मक अंतर यहाँ उपेक्षित है। सलामी दरवाजे के बाद शाही दरवाजे पर तीनों धर्मों की रानियों के सम्मान में तीनों धर्म के प्रतीक स्वरूप चिह्न खुदे हुए हैं। शाही दरवाजे पर कभी ऐश्वर्यमय स्वागत की व्यवस्था हुआ करती थी। इस दरवाजे से भीतर प्रवेश करते ही विशाल बागीचे पर नजर पड़ी जहाँ बहुत सारे हिरन चौकड़ी भरते हुए नज़र आए। बीच में मकबरा और चारों तरफ एक ही जैसे बाग और चारों दिशाओं में चार एक से दरवाजे इस मकबरे की खासियत है।
पूर्णिमा की चांदनी रात में ताजमहल के सौंदर्य का वर्णन कई बार सुना था। वह भी एक पूर्णिमा की ही रात थी, जब हम ताजमहल के बहुत करीबी होटल ताज प्लाजा में ठहरे थे। हमारे कमरे की खिड़की से ताजमहल दिखाई दे रहा था। और छत से ताजमहल तक जाने का आलोक सज्जित रास्ता। हमने अगले दिन सुबह ताजमहल देखने का निश्चय किया था। अगले दिन सुबह होते ही हम ताजमहल देखने के लिए निकल पड़े। सफेद संगमरमर से बना ताजमहल जिसने कई कवियों को कविता लिखने के लिए प्रेरित किया, हम उसके सामने खड़े थे। प्रेम की यादगार माना जाने वाला यह स्मारक जो विश्व के सात आश्चर्यों में से एक है उसकी खूबसूरती का बयान करना मुश्किल है। बचपन में सुना था कि शाहजहाँ ने ताजमहल बनाने वाले कारीगरों को कार्य समाप्त होने के बाद तोहफा देने के बजाय उनके हाथ काट दिए थे। यहाँ आकर पता चला कि उनके हाथ नहीं काटे गए बल्कि कारीगरों के साथ शाहजहां ने समझौता कर लिया था कि वे ऐसी ईमारत और न बनाए। उन्हीं कारीगरों के वंशज आज भी संगमरमर पर नक्काशी का काम करते हैं। इतिहास से जुड़ी इन बातों में कितना सत्य है और कितनी कल्पना इसका पता लगाना बेहद कठिन है। एक साहित्यकार तो बस जनता की चित्तवृत्ति का ही बयान कर सकता है। एक ओर सफेद संगमरमर का ख्वाबगाह ताजमहल और दूसरी ओर ताजमहल को देखने आए अतिथियों के सत्कार के लिए नौबत खाना, नमाज़ पढ़ने के लिए मस्जिद और पीछे बहती यमुना नदी आध्यात्मिकता, प्राकृतिक सौंदर्य और कलात्मकता का अभिनव संगम पेश करती है।
ताजमहल के ठीक पीछे यमुना नदी दूसरी ओर महताब बाग है। कहा जाता है कि शाहजहां ने वहां काले पत्थर से एक और ताजमहल बनाने की परिकल्पना की थी। लेकिन कार्य शुरू करते ही औरंगजेब ने उन्हें बंदी बना लिया। उनकी चाहत थी कि  काले ताजमहल में उन्हें दफनाया जाए। शाही खजाने की हालत देखते हुए और अन्य कई कारणों के चलते औरंगजेब ने अपने पिता को बंदी बनाकर आगरा के किले में रखा। महताब बाग के बागीचों की परिकल्पना भी ताजमहल के लहजे में ही की गई है। यहाँ से यमुना के उस पार का ताजमहल और भी खूबसूरत दिखता है।
हमारा अगला मुकाम था इतमद्उद्दौला का मकबरा। जहांगीर की बेगम नूरजहाँ के पिता मिर्जागियास बेग के इस मकबरे को ‘बेबी ताज’ के नाम से भी जाना जाता है। वाकई संगमरमर पर की गई इस मकबरे की नक्काशी को देखकर ऐसा लगता है कि यह ताजमहल का प्रथम संस्करण है। मकबरे के पीछे बहती यमुना नदी को बेबी ताज के पिछले हिस्से में बने बरामदे पर बैठकर देखना एक अनोखा अनुभव था।
आगरा के लाल किले को दीवारों से घिरा शहर कहा जा सकता है। पानीपत के युद्ध में इब्राहिम लोदी को हराने में आगरा की भौगोलिक स्थिति का एक बहुत बड़ा योगदान रहा है। अकबर ने अपने साम्राज्य को सशक्त बनाने के लिए बाबर के समय के बाद से उपेक्षित आगरा के किले का पुनर्निर्माण आरंभ किया। फिर जहांगीर, शाहजहां ने इस किले में कई जगहों पर लाल पत्थर की जगह सफेद संगमरमर का प्रयोग करके इमारतें बनवाई। इसी किले में औरंगजेब ने शाहजहाँ को मुसम्मन बुर्ज में कैद करके रखा था। यह कैद दरअसल दुखदायी नहीं थी। क्योंकि शाहजहाँ के ऐशो आराम का यहाँ पूरा ध्यान रखा गया था। सिर्फ उन्हें मुसम्मन बुर्ज से बाहर जाने की इजाजत नहीं थी। मुसम्मन बुर्ज से ताजमहल दिखाई देता था। इसे देखते हुए ही शाहजहाँ ने अपनी बाकी उम्र काट दी। मुसम्मन बुर्ज में ही उनकी मृत्यु हुई।
आगरा के किले के दो प्रवेश द्वार प्रसिद्ध हैं। एक ‘दिल्ली गेट’ और एक ‘लाहौर गेट’ जिसे आज अमर सिंह गेट के नाम से जाना जाता है। भारतीय सेना द्वारा किले के उत्तरी भाग का प्रयोग किये जाने के कारण दिल्ली गेट आम जनता के लिए बंद है। पर्यटक अमर सिंह गेट से ही प्रवेश करते हैं। किले के प्रवेश द्वार पर कभी भव्यता के साथ राजाओं और शाही मेहमानों का स्वागत हुआ करता था। गुलाब जल छिड़कना और वाद्ययंत्रों की ध्वनि से आगमन का क्षण ऐश्वर्य से भर उठता था। सुरक्षा का प्रबंध भी जबरदस्त था। दुश्मन अगर किसी भी तरह किले तक पहुँच भी जाए तो दीवारों से गर्म तेल की नदी सी बहाने की व्यवस्था थी। ताकि दुश्मन आगे न बढ़ पाए। किला जिस जलाशय से घिरा है वहाँ कभी सुरक्षा के लिए मगरमच्छ हुआ करते थे। उसके बाद के हरे भरे इलाके में जंगली जानवर और किले के दीवार पर तैनात सैनिक इस सुरक्षा व्यवस्था के अंग हुआ करते थे।
कांच के टुकड़ों से सुसज्जित शीश महल, आलीशान मयूरी सिंहासन, सफेद पत्थर से बना खास महल, मीना मस्जिद, नगीना मस्जिद सम्राटों के जीवन के विलासिता प्रधान पहलू को पेश करते हैं। इस किले के सारे कीमती असबाब आज गायब हैं। महलों के दीवारों से ब्रिटिशों द्वारा लिए गए मणियों की जगह आज खाली है। उनके कभी होने के निशान आज घाव जैसे दिखते हैं।
मुगल सल्तनत की बराबरी की सल्तनत न होने के कारण इस सल्तनत की बेटियाँ जहाँनारा और रौशनारा कुंवारी ही रह गईं। उनके लिए लालकिले में डोली के आकार के दो संगमरमर से बने महल हैं। इन्हें देखते हुए सहज ही यह बात मन में आई कि ये ऐसी दो आलीशान और जमीन से सटी डोलियाँ हैं जो कभी इस महल से बाहर निकल ही नहीं पाईं। आगरा का किला एक ओर शाही हमाम से लेकर अंगूरी बाग तक गूँजते शाहजहाँ और मुमताज के विलास प्रधान प्रेम के किस्सों का गवाह है तो दूसरी ओर औरंगजेब के द्वारा अपने भाइयों शुजा, दाराशिकोह का कत्ल करने की घटना का भी साक्षी है। आत्मा की आँखों से देखो तो विलासिता, प्रेम, सिसकियाँ, कत्ल, षड़यंत्र, भय, लुटा हुआ ऐश्वर्य मिलकर यहाँ की हवाओं में अजीब-सा शोर भर देते हैं। फतेहपुर के किले की हवाओं में जो खुशनुमा सुगंध थी वह सुगंध आगरा के लाल किले में एक सिरे से गायब थी।
शाम को गतिमान एक्सप्रेस से दिल्ली लौटने की घड़ी आखिर आ ही गई। अब तक आगरा में हम अकबर और उनके बाद की पीढ़ी के सम्राटों के जीवन, की कहानियों को स्मारकों के बहाने से देख समझ रहे थे। अब दिल्ली के पुराने किले में हुमायूँ के जीवन से जुड़ी कहानी को महसूस करने का पल हाज़िर था।
पुराना किला एक ऐसी अनोखी जगह है जहाँ पांडवों से लेकर मुगल साम्राज्य के सम्राट तक ने अपना डेरा डाला। महाभारत में जिस इन्द्रप्रस्थ नगरी का नाम मिलता है वह पुराने किले के भीतर ही स्थित था। जिन जगहों को हम बागपत, तिलपत, सोनीपत, पानीपत के नाम से जानते हैं ये वही जगह थे जिन्हें पांडवों ने कौरवों से मांगा था। यहाँ खुदाई से जो भूरे रंग के पात्र मिले हैं वैसे ही पात्र हस्तिनापुर की खुदाई के दौरान और पुराने किले में खुदाई के दौरान भी मिले। पुरातात्विक खोज ये बताते हैं कि इन्द्रप्रस्थ में लोगों का बसना तकरीबन 1000 ई.पू. से शुरू हुआ था। यही वह जगह है जहाँ कलिंजर और चुनार को जीतने के बाद हुमायूँ ने दीनापनाह शहर बनाया था। फिर शेरशाह ने इसे तोड़कर यहाँ एक दुर्ग बनवाया। शेरशाह दुर्ग को पूरा नहीं कर पाया। इसे जीतने के बाद हुमायूँ ने ही आखिरकार पूरा करवाया। शेरशाह द्वारा बनवाया गया क्वाल-आई-कुहना मस्जिद आज भी यहाँ मौजूद है।
शेरशाह ने मनोरंजन के लिए दुमंजिला इमारत बनाई थी। जिसे शेर मंडल कहा जाता है। इसे हुमायूँ ने बाद में अपना पुस्तकालय बना लिया। अकबरनामा में इस बात का जिक्र मिलता है कि हुमायूँ सन् 1555 में इस पुस्तकालय में शाम को शुक्र ग्रह देखने आए थे। और यहीं से पैर फिसलकर गिर जाने के कुछ ही दिनों बाद उनकी मृत्यु हो गई।
पुराने किले में पुरातात्विक खनन के कार्य के दौरान मौर्य साम्राज्य के समय के भी सामान मिले हैं। इस कार्य के दौरान यह भी पाया गया कि पुराने टूटे फूटे मकानों के मलबे के ऊपर ही नए घर बना लिए गए थे। एक मटके में कपड़े से बँधे हुए बीस सिक्के मिले जो राजपूत और सुल्तान वंश के साम्राज्य के थे। इसके अलावा इल्तुतमिश, बलबन, अलाउद्दीन खिलजी, फिरोज शाह तुगलक के समय के भी सिक्के यहाँ खुदाई के दौरान मिले। इस लिहाज से देखें तो पुराने किले की मिट्टी पांडवों से लेकर मुगल साम्राज्य के शासकों के कार्यकलापों की साक्षी है।
राजशाही से जुड़े स्मारकों को देखने का मंजर समाप्त हो गया था। अब हम शान्ति और अमन की निशानियों को देखने के सफर पर चल पड़े थे। इस सफर में पहला मुकाम था राजघाट। महात्मा गांधी की अहिंसा और शान्तिप्रियता की छाप यहाँ की हवाओं में महसूस की जा सकती है। दूर तक फैला हरा सुनियोजित मैदान और सुसज्जित समाधि स्थल मानो मन को घड़ी भर बैठकर शान्त कर लेने का न्यौता दे रहा था। समाधि स्थल तक पहुँचने से पहले दीवारों पर लिखे गांधी जी के वचन जैसे मन को शान्ति जल से भर रहे थे। राजघाट से निकलकर हम गाँधी स्मृति भवन की ओर निकल पड़े। गाँधी जी के जीवन के आदर्श, उनका रहन सहन, उनके द्वारा किए गए तमाम कार्यों और उनके द्वारा इस्तेमाल की गई वस्तुओं की प्रदर्शनी ने मन में स्वाधीनता आंदोलन के दौरान भारत के हकीकत का ज्वलंत चित्र खींच दिया। यहाँ से राष्ट्रपति भवन, संसद भवन, तीन मूर्ति, इंडिया गेट को गाड़ी से ही देखते हुए हम अक्षरधाम मंदिर पहुँचे।
अक्षरधाम के स्वामी नारायण मंदिर में आगंतुकों को दार्शनिक स्तर पर मन की बारीकियों को समझाकर जीवन दर्शन देने की कोशिश ने मुझे आकर्षित किया। इस मन्दिर में प्रवेश करने के लिए ‘दस द्वार’ से होकर गुजरना पड़ता है। ये दस द्वार दसों दिशाओं से शुभकामनाओं के आगमन का प्रतीक है। जो मन और हृदय को खोलकर आत्मा में विश्व प्रेम, भाईचारा और शान्ति का भाव भरने की प्रेरणा देता है। दस द्वार के बाद भक्ति द्वार से गुजरते हुए द्वार पर नक्काशी से बनाई गई भक्त और भगवान की दो सौ आठ जोड़ी आकृतियाँ दिखती हैं। यह द्वार आगन्तुकों को आशीर्वाद देने का सूचक है। इस द्वार को पार करके हम भव्य हॉल घर में पहुँचे। इसे दर्शनार्थी केन्द्र कहा जा है। यहाँ स्वामी नारायण जी के संदेश और उनकी मूर्तियाँ हैं।
भारतीय संस्कृति में मोर सौंदर्य और आत्मनियंत्रण का प्रतीक है। भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से जुड़ी कई दिव्य कहानियाँ हिन्दू शास्त्र में मिलती हैं। इसी सत्य के आधार पर अक्षरधाम के मयूर द्वार बने हैं। दो मयूर द्वारों में 869 मोर जड़ाऊ पत्थर के साथ खुदे हुए हैं। और दो मयूर द्वारों के बीच स्वामीनारायण जी का चरणारविंद है। जो पृथ्वी पर उनके अवतरण का सूचक है। इस चरणार्विंद पर चार शंखों का जल गिर रहा है। चरणार्विंद के बाईं तरफ भारत उपवन है। जहाँ हिंदू शास्त्र में प्राप्त कहानियों से जुड़ी मूर्तियाँ बनी हैं। साथ ही मूर्तियों में निहितार्थ को समझाने के लिए कैसेट के जरिए कहानी भी सुनाई जा रही है। भारत उपवन के अलावा एक और उपवन है योगी हृदय कमल, जहाँ कमल के आकार के उपवन में बच्चों के लिए झूले लगे हुए हैं।
अक्षरधाम की तीन प्रदर्शनियों ने मन को गहराई से छू लिया। दृश्य श्रव्य माध्यम, बोलती मूर्तियों को देखते हुए एक निर्देशानुसार उत्तरोत्तर एक के बाद एक कक्ष से गुज़रना एक अनोखा अनुभव था। इस प्रदर्शनी को सहजानन्द प्रदर्शनी कहते हैं। इसका लक्ष्य है न्यायपूर्ण, अहिंसात्मक, शाकाहारी, नैतिकता और सामंजस्यपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा देना। अगली प्रदर्शनी में एक विशाल चित्रपट पर नीलकंठ यात्रा फिल्म प्रस्तुत की जाती है। चित्रपट लगभग छह मंजिला मकान जितना था। बाल योगी नीलकंठ के जीवन पर आधारित इस फिल्म को देखते हुए नदी, पहाड़, झरनों और प्राकृतिक दृश्यों से हम खुद को घिरा हुआ महसूस कर रहे थे। चित्र पट की अनोखी बनावट ने मानो दर्शकों को भी नीलकंठ की यात्रा में शामिल कर लिया था।
प्रदर्शनी का तीसरा अंग था संस्कृति विहार। जो दरअसल नौका विहार है। लोगों के दल को लेकर एक मोर के आकार की नाव एक ऐसी जगह से गुजरती है जिसके दोनों ओर मूर्तियाँ हैं और इनके जरिए दस हजार वर्ष के भारत के इतिहास की छवि दर्शकों के जेहन में बैठ जाती है। वैदिक जीवन से लेकर तक्षशिला और प्राचीन युग के शिक्षण संस्थानों के अतुलनीय जीवन दर्शन, आविष्कारों या खोजों को यह बारह मिनट का नौका विहार सहजता से महसूस करवा देता है।
सूर्यास्त के बाद अक्षरधाम में आयोजित सहजानन्द जल प्रदर्शनी में प्रकाश और ध्वनि के अद्भुत प्रयोग के माध्यम से अहंकार की जगह पर सहजता लाकर जीवन में आनंद प्राप्त करने का संदेश दिया गया है। इन प्रदर्शनियों के अलावा स्वामी नारायण का मन्दिर, मन्दिर का गर्भगृह, भव्य मंडप, नीतिपरक कहानियों को आधार बनाकर मंडोवर में की गई नक्काशी दर्शकों को कई घंटों तक यहाँ बाँध कर रख सकती है। मंदिर नारायण सरोवर से घिरा है। इस सरोवर में 108 ताम्बे के गौमुखों से लगातार जल गिर रहा है। ये गौमुख 108 देवताओं के नामों के सूचक हैं। मन को घंटों बाँध कर रखने की शक्ति से सम्पन्न इस जगह में कैमरा, मोबाइल कुछ भी ले जाने की अनुमति नहीं है। खाने की भव्य दुकानें भी मन्दिर के भीतर ही हैं। एक बात यहाँ गौरतलब है कि आज के युग में लोग जहाँ मोबाइल के बिना खुद को अपाहिज सा महसूस करते हैं वहीं यह मंदिर घंटों तक लोगों को मोबाइल की दुनिया से बाहर निकलकर वक्त बिताने का निमंत्रण देता है। शांति और सौंदर्य का स्पर्श पाने की चाहत के चलते असंख्य लोग इस निमंत्रण को स्वीकार करते हुए मोबाइल की दुनिया से बाहर निकलकर यहाँ घंटों वक्त भी बिताते हैं। हमने तीन बजे मन्दिर प्रांगण में प्रवेश किया था और कैसे रात के आठ बज गए पता ही नहीं चला। अक्षरधाम से निकलकर हम अतिथि गेस्ट हाउस की ओर रवाना हुए और वहाँ पहुँचकर लगभग चार दिनों के बाद घर जैसे भोजन का सेवन करने का मौका मिला।
अगले दिन दोपहर को हमें दिल्ली हवाई अड्डा पहुँचना था। सुबह होते ही हम सैर पर निकल पड़े। और टहलते हुए दिल्ली के चित्तरंजन पार्क के मंदिर में पहुँचे। मंदिर का वातावरण बेहद शांतिपूर्ण था। यहाँ से हम दिल्ली का कमल मन्दिर अर्थात् लोटस टेम्पल देखने निकल पड़े। यह बहाई उपासना मंदिर है। बहाउल्लाह के संपूर्ण मानव जाति को अपनाने और पृथ्वी को एक देश मानने का विश्वास इस मंदिर की नींव है। कमल मंदिर पानी के नौ बड़े तालाबों से घिरा है। नीले रंग का प्रतीत होने वाला जल आँखों को अजीब सी ठंडक देता है। साथ ही यह मंदिर के अन्दर के तापमान को भी कम रखता है। भारतीय उपमहाद्वीप में विश्व के विभिन्न भागों में बने सात बहाई मन्दिरों में से यह एक है। कमल का फूल भारतीय संस्कृति में चैतन्य, ज्ञान, सौन्दर्य का प्रतीक रहा है। कमल के फूल के आकार का यह श्वेत धवल मंदिर नौ तालाबों के ऊपर बना है। मानो पानी में खिला श्वेत कमल हो। विशाल उपासना गृह में एक साथ तेरह सौ लोग बैठकर उपासना कर सकते हैं। इस मंदिर में कमल की कुल सत्ताइस पंखुड़ियाँ हैं। वैज्ञानिक दृष्टि से भी इस मंदिर का उपासना गृह ध्यान के उपयुक्त है। क्योंकि कहा जाता है कि अगर इमारतों की छत कोणाकार हो तो विद्युत चुम्बकीय किरणों का अनोखा प्रवाह उस छत के नीचे बैठने वालों को शान्ति की अनोखी अनुभूति दे सकता है। इसी वैज्ञानिक सत्य के चलते ही प्राचीन काल से मन्दिर की छत कोणाकार बनाने की रीत चल पड़ी। गिरजाघरों और मस्जिदों के छतों के भी सपाट न होने के पीछे संभवत: यही वैज्ञानिक सत्य हो सकता है। जो भी हो कुल मिलाकर दूर तक फैले हरे मैदान के बीच नौ तालाबों से घिरा कमल के आकार का मंदिर हमें शान्ति से भर गया।
कलकत्ता वापस लौटने का पल हाजिर था। हम अपने साथ आगरा का मशहूर पेठा और स्मृति चिह्न के तौर पर फतेहपुर सीकरी से खरीदी गई संगमरमर पर नक्काशी के दो नमूने एक ताजमहल और दूसरा मोमबत्ती रखने का आधार लेकर जा रहे थे। हवाई जहाज हमें कलकत्ता ले जा रही थी। लेकिन मन अब भी इतिहास की गलियों और शान्ति और अमन के प्रतीक मंदिरों की गलियों में घूम रहा था।